नए नकली पैर (Prosthesis) के पहले 30 दिन: आम समस्याएं और उनका सही समाधान

नया प्रोस्थेटिक पैर लगना एक बड़ा दिन होता है। हम रोज़ क्लिनिक में देखते हैं—पेशेंट के चेहरे पर खुशी भी है और थोड़ा डर भी।

पर सच बोलूं तो, पहले 30 दिन आसान नहीं होते। ये जूता पहनकर चलने जैसा नहीं है। ये आपके और आपके नए पैर के बीच एक नया रिश्ता है। और हर रिश्ते की तरह, इसमें भी टाइम लगता है।

अगर आप इस दौर से गुज़र रहे हैं, तो ये ब्लॉग आपके लिए ही है।

पहला हफ्ता: शुरुआत का जोश और असलियत

पहले 3-4 दिन सब कुछ अजीब लगेगा।

समस्या 1: सॉकेट कभी टाइट लगता है, कभी लूज़।

सुबह में लूज़ लगता है। शाम तक स्टंप में सूजन आती है और टाइट लगने लगता है। ये बिल्कुल नॉर्मल है। शुरुआत में आपके स्टंप का साइज़ हर घंटे बदलता है।

समाधान: श्रिंकर सॉक को सही से पहनो। इसको स्किप मत करो। और हमेशा कॉटन वाला स्टॉकिनेट पहनो जो हमने दिया है। अगर 2 घंटे बाद बहुत टाइट लगे, तो पैर निकाल दो, 15 मिनट मसाज करो, फिर पहन लो। पहले ही दिन 10 घंटे पहनकर हीरो मत बनो। 2-3 घंटे काफी हैं।

समस्या 2: लाइनर के अंदर पसीना और दाने।

गर्मी में ये सबसे बड़ी शिकायत है। सिलिकॉन लाइनर के अंदर बहुत पसीना आएगा।

समाधान: रोज़ रात को अपने स्टंप को हल्के साबुन से धोएं, डेटॉल से नहीं। लाइनर को भी रोज़ अंदर से बाहर करके धोएं। एक छोटा टॉवल हमेशा पास रखें। ज़्यादा पसीना आए तो प्रोस्थेसिस उतार कर, पोंछ कर, सुखा कर फिर पहन लें।

 दूसरा हफ्ता: आप तेज़ चलना चाहते हैं, पर बॉडी साथ नहीं देती

यहीं पर सबसे ज़्यादा लोग परेशान होते हैं।

समस्या 3: लंगड़ा कर चलना या दूसरे पैर पर ज़्यादा वज़न डालना।

आपको अभी भी प्रोस्थेटिक घुटने पर भरोसा नहीं है। इसलिए आप झुक कर चलते हैं।

समाधान: ये पैर की प्रॉब्लम नहीं, भरोसे की प्रॉब्लम है। शीशे के सामने 10 मिनट, दिन में दो बार प्रैक्टिस करो। जब आपका नकली पैर आगे हो, तो सीधा खड़े होने की कोशिश करो। फिजियो वाला मंत्र याद रखो – “एड़ी से पंजा, एड़ी से पंजा।” स्लो लगेगा, पर आपका दिमाग ऐसे ही दोबारा सीखेगा।

समस्या 4: कमर दर्द और दूसरे पैर में दर्द।

गलत तरीके से चलने की वजह से कमर दुखने लगती है।

समाधान: आपकी हाइट थोड़ी ऊपर-नीचे हो सकती है। क्लिनिक आ जाइए, हम 5 मिनट में अलाइनमेंट चेक करके ठीक कर देंगे। 5mm का एडजस्टमेंट भी कमर दर्द ठीक कर देता है। खुद से कुछ मत कीजिए।

तीसरा और चौथा हफ्ता: अब बेहतर है, पर नई समस्याएं

अब आप दिन के 500-1000 कदम चल रहे हैं। बहुत अच्छी प्रोग्रेस है।

समस्या 5: स्टंप के नीचे छाले और लाल निशान।

इसका मतलब प्रेशर बराबर नहीं पड़ रहा। लाली 20 मिनट में चली जानी चाहिए। अगर 1 घंटे से ज़्यादा रहे, तो ये खतरे की निशानी है।

समाधान: लाल हिस्से की फोटो खींच कर तुरंत अपने प्रोस्थेटिस्ट को भेजो। बिना पूछे कोई क्रीम या पट्टी मत लगाओ। 90% सॉकेट की प्रॉब्लम्स छोटा सा पैड लगाने से या सॉकेट को हल्का गर्म करने से ठीक हो जाती हैं।

समस्या 6: पैर भारी लगना और जल्दी थक जाना।

शाम 5 बजे तक आपका मन करता है कि पैर को निकाल कर फेंक दो।

समाधान: आप ऐसी मसल्स यूज़ कर रहे हैं जो महीनों से यूज़ नहीं हुई। जैसे एक साल बाद जिम जाने पर थकान होती है। थकान नॉर्मल है। धीरे-धीरे बढ़ाओ। सुबह 2 घंटे, दोपहर 2 घंटे, शाम 1 घंटा। एक साथ 6 घंटे नहीं। और हिप की एक्सरसाइज ज़रूर करो। स्ट्रॉन्ग हिप्स = हल्का प्रोस्थेसिस।

पहले 30 दिन के लिए मेरे 3 गोल्डन रूल्स

2000 से ज़्यादा प्रोस्थेसिस लगाने के बाद मैं ये कह सकता हूँ:

  1. खुद को यूट्यूब वीडियोज़ से कंपेयर मत करो। वो लोग आपसे 6 महीने आगे हैं।
  2. 30 दिन तक आपका प्रोस्थेटिस्ट आपका सबसे अच्छा दोस्त है। उसे कॉल करो। वीडियो भेजो। चुप-चाप दर्द मत सहो।
  3. एक ही जूता पहनो। पहले महीने में बार-बार जूता मत बदलो। अलाइनमेंट एक ही हील हाइट के लिए सेट है।

पहले 30 दिन आपके सब्र का इम्तिहान लेंगे। 31वां दिन हमेशा पहले दिन से बेहतर होता है। 60वें दिन तक आप इनमें से काफी प्रॉब्लम्स के बारे में सोचोगे भी नहीं।

अगर आपके सॉकेट में अभी दर्द हो रहा है, तो फोटो खींच कर हमें व्हाट्सएप पर भेजो। हम आपको गाइड करेंगे।

आप सबसे बड़ी लड़ाई तो जीत चुके हो। चलने वाली लड़ाई, हम साथ मिलकर जीत लेंगे।

Leave a Reply